नारानाग भारत के जम्मू व कश्मीर राज्य के गान्दरबल ज़िले में २,१२८ मीटर की ऊँचाई पर स्थित एक पर्वतीय पर्यटक स्थल है। यह कंगन से ८ किमी की दूरी पर सिन्द नाले (सिन्धु नदी से भिन्न) नामक नदी की घाटी पर अधिक ऊँचाई पर स्थित है। अपने मर्ग (घास के खुले मैदान), पर्वतों और झीलों के लिये जाने जाने वाले इस स्थान से १६,८४० फ़ुट ऊँचे हरमुख पर्वत और उसके चरणों में स्थित गंगाबल झील के लिये पगडंडी शुरु होती है। यह वंगथ झरने के बाएँ किनारे पर बसा हुआ है, जो आगे चलकर सिन्द नाले में विलय होता है। यहाँ से गडसर झील, विशनसर झील और किशनसर झील के लिये भी रास्ते निकलते हैं हलांकि नारानाग से वहाँ तक पहुँचने के लिये ५ से ७ दिन का पैदल सफ़र तय करना पड़ता है।